कबुलपुर बाजार में खड़ी दोपहिया गाड़ी में लगी आग, जलकर हुई राख
जौनपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जफराबाद थाना क्षेत्र स्थित कबुलपुर बाजार में शनिवार की शाम सड़क किनारे खड़ी एक दोपहिया गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी आग की लपटों से घिर गई और जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने पानी और बालू डालकर करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सिरकोनी क्षेत्र के बीरभानपुर गांव निवासी अरविंद पाठक के बेटे आशुतोष पाठक निजी काम से कबुलपुर बाजार आए थे। उन्होंने अपनी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की और सामान खरीदने के लिए दूसरी दुकान पर चले गए। करीब 20 मिनट बाद अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा और उसमें आग लग गई।
स्थानीय दुकानदार सुग्गू कुमार के मुताबिक, गाड़ी से धुआं निकलने के दौरान एक छोटी बच्ची उस पर बैठी थी। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को तत्काल सुरक्षित नीचे उतारकर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद गाड़ी आग की चपेट में आ गई। घटनास्थल के पास ही दीपावली के लिए पटाखों की दुकान लगी हुई थी। गाड़ी में आग लगते ही आसपास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। किसी अनहोनी की आशंका से पटाखा दुकानदारों ने अपनी दुकानें वहां से हटानी शुरू कर दीं। स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

