बॉयफ्रेंड से शादी काे लेकर 200 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ी नाबालिग लड़की, दाेनाें के बालिग हाेने पर शादी हाेने की बनी सहमति
गोरखपुर, 27 मार्च (हि.स.)। झंगहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की अपने बॉयफ्रेंड से शादी की जिद को लेकर 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गई। लड़की टंकी के ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाते हुए कह रही थी कि यदि उसकी शादी उसके बॉयफ्रेंड से नहीं कराई गई तो वह कूदकर अपनी जान दे देगी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए।
जानकारी के अनुसार, झंगहा थाना क्षेत्र की रहने वाली यह नाबालिग लड़की शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। टंकी के ऊपर पहुंचते ही उसने नीचे खड़े लोगों को संबोधित करते हुए अपनी बात जोर-जोर से कहना शुरू कर दिया। लड़की की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पहले खुद ही लड़की को समझाने का प्रयास किया। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे, लेकिन लड़की किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। वह बार-बार टंकी की रेलिंग के पास जाकर कूदने की कोशिश करती, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।
करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लड़की को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने भी काफी देर तक उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही और पुलिस की बात मानने से इनकार कर दिया।
स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस ने लड़की के 17 वर्षीय बॉयफ्रेंड को भी मौके पर बुलवाया। पुलिस ने लड़की को आश्वस्त किया कि उसकी शादी उसी लड़के से कराई जाएगी। हालांकि, इसके बाद भी लड़की पूरी तरह आश्वस्त नहीं हुई। अंततः उसे भरोसा दिलाने के लिए मौके पर सिंदूर, माला और शादी से जुड़े अन्य सामान मंगवाए गए। इन सबको देखकर लड़की का विश्वास बना और वह टंकी से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई।
जैसे ही लड़की नीचे उतरी, पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली। हालांकि, नीचे आने के बाद जब पुलिस ने उसे समझाया कि वह अभी नाबालिग है और उसकी उम्र पढ़ाई की है, इसलिए अभी शादी करना उचित नहीं है, तो लड़की फिर से टंकी की ओर भागने लगी। स्थिति को भांपते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया और शांत कराया।
इसके बाद पुलिस दोनों—लड़की और उसके बॉयफ्रेंड—को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई और काउंसलिंग के जरिए समझाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने दोनों को कानून और नाबालिग विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ घंटे तक यह पूरा घटनाक्रम चला। काफी मशक्कत के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा गया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने के बाद लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। लड़की अब इस बात पर सहमत हुई है कि वह बालिग होने के बाद ही शादी करेगी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में किसी तरह की कानूनी कार्रवाई की जरूरत नहीं पड़ी, क्योंकि प्राथमिकता लड़की की जान बचाना और स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित करना था। साथ ही, परिजनों को भी निर्देश दिया गया है कि वे लड़की पर विशेष ध्यान दें और उसकी काउंसलिंग कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि किशोरावस्था में बच्चों को सही मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग की कितनी आवश्यकता होती है। समय रहते परिवार और समाज द्वारा उचित संवाद और समझदारी से ऐसे मामलों को रोका जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

