home page

नीलगाय से टकराई तेज रफ्तार कार, अधेड़ की मौत

 | 
नीलगाय से टकराई तेज रफ्तार कार, अधेड़ की मौत


उरई मार्ग पर अमगांव मोड़ के पास हुआ हादसा

हमीरपुर, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में उरई मार्ग पर अमगांव मोड़ के पास नीलगाय से टकराकर तेज रफ्तार कार का संतुलन बिगड़ गया। कार में सवार एक युवक घायल हो गया। जिसे झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।

जरिया थाने के अलकछवा गांव निवासी मदन गोपाल (52) पुत्र दुर्जन कार से अपने घर जा रहे थे। राठ उरई मार्ग पर अमगांव मोड़ के पास अचानक से एक नीलगाय कार से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार मदन गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया। नाजुक हालत होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। झांसी ले जाते समय रास्ते में मदन गोपाल की मौत हो गई। कार चालक हरेंद्र ने बताया कि नीलगाय के टकराने से यह सड़क दुर्घटना हुई है। मदन गोपाल की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। मृतक अपने पीछे पत्नी अनसूया के अलावा पुत्र जयदेव और सहदेव सहित पुत्री आशा और पूनम को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। कोतवाल राकेश कुमार ने सोमवार को बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा