home page

बांकेबिहारी में उमड़ा सैलाब, बगीचे में विराजे ठा. छोटे राधारामनलाल

 | 
बांकेबिहारी में उमड़ा सैलाब, बगीचे में विराजे ठा. छोटे राधारामनलाल


मथुरा, 29 जून (हि.स.)। ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार वृंदावन ठा. बांकेबिहारी महाराज के दर्शनों के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर प्रातःकाल से ही लाड़ले बांकेबिहारी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। ज्येष्ठ शुक्ल पूर्णिमा को जल यात्रा पर्व के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे में वृन्दावन के राधामदनमोहन, राधाश्यामसुंदर, राधा दामोदर, राधागोविंद देव, राधारमण, राधा गोकुलानंद आदि मंदिरों में भी इस पर्व को विशेष श्रद्धा के साथ मनाया गया।

बांकेबिहारी मंदिर में प्रातःकाल भव्य फूल बंगला सजाया गया तो अन्य मंदिरों में सायंकाल फूल बंगला का आयोजन हुआ। वहीं मंदिर प्रांगणों को भी भव्यता से सजाया गया। इस अवसर पर ऋतुनुकूल फल, रस तथा मिठाईयों का विशेष भोग भी ठाकुरजी को निवेदित किया गया। इसके साथ ही भक्तों ने सुबह और सायंकाल वृन्दावन धाम की सप्तकोसीय परिक्रमा भी लगाई गई।

वृंदावन टेढ़े खंभे के रूप में प्रसिद्ध शाहजी मंदिर में विराजमान ठा. छोटे राधारमण लाल जू ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर परिसर में स्थित दिव्य बगीचे में विराजे जहां भक्ता अपने आराध्य के दर्शन कर निहाल हुए। ठाकुर जी को जहां एक ओर दिव्य प्रसाद निवेदित किए गए। वहीं भव्य फूल बंगले में उन्हें विराजित कर उनके समक्ष दिव्य फव्वारे चलाए गए। गौरतलब है कि ज्येष्ठ पूर्णिमा का पर्व ब्रज के आराध्य अर्चा विग्रहों को ग्रीष्म ऋतु से निजात दिलाने के लिए स्नान यात्रा के रूप में अत्यंत श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। मंदिर सेवाधिकारी शाह के एस गुप्ता और प्रशांत शाह ने बताया कि ठाकुरजी का यह दिव्य विलास पर्व विगत 157 वर्षों से श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। जिसके दर्शन का अद्भुत आनंद और आह्लाद भक्तों के हृदयों में होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार