home page

ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनी के गोदाम में लगी भयंकर आग, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

 | 
ऑनलाइन डिलीवरी करने वाली कंपनी के गोदाम में लगी भयंकर आग, मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान


गाजियाबाद, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम क्षेत्र के काला पत्थर के पास ऑनलाइन सामान डिलीवरी करने वाली कंपनी इंस्टामार्ट के गोदाम में बृहस्पतिवार की शाम को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि बराबर वाली दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

मुख्य दमकल अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां पहुंची हुई है। उन्होंने बताया कि आग बुझाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोदाम के चारों तरफ से फायर ब्रिगेड के लोग पानी के फव्वारे की बौछार कर आग को कंट्रोल कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आग को फैलने से रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस घटना में कोई जनहानि की सूचना नही है। उन्होंने बताया कि आग को पूरी तरह से काबू करने के बाद ही यह पता चलेगा कि कोई जनहानि है कि नहीं। उन्होंने बताया कि जहां पर आग लगी थी उसके पीछे स्थित एक तीन मंजिला मकान में एक महिला और उसका पालतू कुत्ता फंस गए थे। जिसके चलते उनके मकान में तपिश आ रही थी। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने रेस्क्यू करके दोनों को तीन मंजिला मकान से बाहर निकाला। जहां पर आगजनी हुई है वह क्षेत्र काफी घनी आबादी वाला है। गोदाम में रखें लाखों रुपये का सामान जल गया है। गोदाम में सिलेंडर ब्लास्ट की भी सूचना आई है। आग के वास्तविक कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस आग के चलते भगदड़ मच गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को संज्ञान में लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य करने का निर्देश दिया है। अगर इस आगजनी में कोई घायल है तो, उसका उपचार करवाने का निर्देश भी सीएम योगी ने दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी