home page

हार्डवेयर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन घंटे में दमकल ने पाया काबू

 | 
हार्डवेयर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन घंटे में दमकल ने पाया काबू


नोएडा, 02 मई (हि.स.)। थाना फेस वन क्षेत्र के सेक्टर आठ स्थित एक हार्डवेयर फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है इस हादसे में लाखों रुपये का पैकिंग मटेरियल, कई मशीनें और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। दमकल की दस गाड़ियों की मदद से आग पर करीब तीन घंटे में काबू पाया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दिल्ली निवासी बीएम गर्ग की सेक्टर आठ के एफ ब्लॉक में बिल्डर्स हार्डवेयर नाम से फैक्ट्री है, जहां लोहे से संबंधित सामान तैयार किया जाता है। शुक्रवार शाम को काम खत्म होने के बाद सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे। शनिवार तड़के करीब चार से पांच बजे के बीच फैक्ट्री की चौथी मंजिल पर अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। शुरुआत में आग सीमित थी, लेकिन कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। सुबह करीब पांच बजे आसपास के लोगों ने फैक्ट्री से उठती आग की लपटें और धुआं देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही फेज वन थाना पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पहले दो दमकल गाड़ियां भेजी गईं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए आठ और गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। आसपास के जिलों के अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया कि अगर आवश्यकता पड़ी तो कुछ फायर टेंडर भेजने होंगे। कुल 10 दमकल की गाड़ियों और करीब 15 फायर कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम को आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अंदर धुआं भरने के कारण आग पर काबू पाने में काफी परेशानी हुई। हालांकि लगातार प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक फैक्टरी को भारी नुकसान हो चुका था। आग ने पैकिंग मटेरियल के साथ-साथ मशीनों और अहम कागजात को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया। फैक्ट्री के अंदर गट्टे भारी मात्रा में रखे हुए थे। ऐसे में आग ने तुरंत रफ्तार पकड़ ली। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। नुकसान का सटीक आकलन अभी नहीं किया जा सका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी