home page

इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने वाली कंपनी में लगी भयंकर आग

 | 
इलेक्ट्रॉनिक सामान बनाने वाली कंपनी में लगी भयंकर आग


गाजियाबाद, 25 मई (हि.स.)। गाजियाबाद के बुलंदशहर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बनाने वाली एक पांच मंजिला फैक्ट्री एलिन इलेक्ट्रोनिक्स में सोमवार की शाम को भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कंपनी की सीएनसी मशीन बहुत ज्यादा गर्म हो गई थी। इस कारण उसमें आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी में पंखे और लाइट के निर्माण का कार्य किया जाता है, जिसके चलते अंदर रखे इलेक्ट्रिक सामान, केमिकल, पेंट और प्लास्टिक सामग्री ने आग को और भड़का दिया।

आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर आसपास की कंपनियों को खाली कराया गया और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मुख्य दमकल अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

मुख्य दमकल अधिकारी ने बताया कि एक अन्य मामले में इंदिरापुरम क्षेत्र में स्थित झुग्गियों में आग लग गई लई। गैस सिलेंडर फटने से हड़कंप मच गया। उन्होंने बताया कि थाना इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित वसुंधरा सेक्टर-13 मे देर शाम झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। इससे हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में एक दर्जन से अधिक झुग्गियां उसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। झुग्गी बस्ती के पास खड़ी कई कारों में भी आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने आग पर काबू पाया है। अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी