कानपुर: फूलबाग की फलमंडी में शॉर्ट सर्किट से अस्थाई दुकानें आग में जलकर खाक
- सपा विधायक ने पीड़ितों का हाल-चाल लिया, केस्को नगर निगम पर लगाया लापरवाही का आरोप
कानपुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में फीलखाना थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलबाग की फल मंडी में सोमवार शाम अचानक शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। आग की चपेट में आकर करीब 16 से अधिक अस्थाई दुकानें जलकर खाक हो गई। सूचना पर पहुंची दमकल की पांच गाड़ियों ने कड़ी में मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का नुकसान का अनुमान है।
पीड़ित दुकानदार गुड्डू ने बताया कि शाम के समय अचानक एक दुकान के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ। जिससे उसे निकली चिंगारी दुकान की छत पर जा गिरी। देखते ही देखते चिंगारी ने विकराल आग का रूप ले लिया और फिर कुछ ही देर में इस आग में करीब 16 से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। तीन सिलेंडर भी फटे। दुकानों से निकलता काले धुएं का गुब्बार आसमान में छाने लगा। आंखों के सामने जल रही दुकानों को देख दुकानदारों में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती तब तक दुकानदारों ने अपने स्तर से ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि कुछ ही देर बाद दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। एक के बाद एक पहुंची पांच गाड़ियों ने कड़ी में मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आर्य नगर विधानसभा से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस पूरी घटना को लेकर केस्को और नगर निगम को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग लापरवाही के चलते यह घटना घटित हुई है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से कुछ मीटर पर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री भी है। हमारी प्राथमिकता थी कि जल्द से जल्द आग पर काबू पाया जाए। ताकि कोई बड़ी अनहोनी ना हो सके। हालांकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। बाकी नुकसान का आंकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।---------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

