शराब के नशे में गड्ढे में तैरने गए युवक की पानी में डूबकर मौत
नोएडा, 08 अप्रैल (हि.स.)। थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के सेक्टर 94 के पास एक सोसाइटी के निर्माण के लिए खोदे गए बेसमेंट के गड्ढे में भरे पानी में डूबने से 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। उसने अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी। उसके बाद वह गड्ढे में नहाने चला गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सेक्टर 126 के प्रभारी निरीक्षक सोमेश कुमार ने बताया कि हर्षित उम्र 23 वर्ष अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ बुधवार को सेक्टर 94 गया था। उसने अपने दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी, तथा शराब का नशा होने के बाद वह पास में ही एक सोसाइटी बनाने के लिए खोदे गए बेसमेंट के गढ्ढे में भरे पानी में तैरने चला गया। उन्होंने बताया कि गहरे गड्ढे में तैरते समय वह पानी में डूब गया तथा उसकी मौत हो गई। उसके दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मृतक के परिजनों ने अभी तक पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

