home page

मुरादाबाद में सातवां तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों काे मिली राहत

 | 
मुरादाबाद में सातवां तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों काे मिली राहत


- वन विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा लगाए गए केज ट्रैप के माध्यम से तेंदुए का रेस्क्यू किया

मुरादाबाद, 22 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जनपद के तहसील ठाकुरद्वारा ग्राम सरकड़ा परम क्षेत्र में शनिवार को सुबह वन विभाग के लगाए गये पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हाे गया। यह सातवां तेंदुआ है, जिसकाें टीम ने रेस्कयू किया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पिंजरे को अपने कब्जे में ले लिया। उसे देखने के लिए ग्रामीणाें की भीड़ जुटी थी।

जिलाधिकारी डाॅ. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है। साथ ही प्रशासनिक स्तर से पूरे संवेदनशील क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामों में सतर्कता एवं जागरूकता के लिए चौपालें आयोजित की जा रही हैं। पूरे संवेदनशील क्षेत्र से अब तक 07 तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने बताया कि थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के कई गांव में बीते तीन पखवाड़े से तेंदुए कई लोगों काे और उनके जानवरों को अपना शिकार बना चुके हैं। इसके बाद से तेंदुए की सक्रियता ने ठाकुरद्वारा क्षेत्र के कई गांव के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रखी थी। खेत में काम करने जाने वाले किसानों और चारा लेने जाने वाली महिलाओं को भी डर लग रहा था कि कब तेंदुआ उन पर हमला कर दे। हालांकि वन विभाग ने लाेगाें काे सतर्कता बरतने के साथ प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने के साथ जगह पिंजरे लगाए थे।

इन्हीं पिंजराें में से एक पिंजरे शनिवार सुबह के लगभग सात बजे के आसपास वन विभाग की रेस्क्यू टीम को ग्राम तहसील ठाकुरद्वारा ग्राम सरकड़ा परम क्षेत्र में पूर्व में लगाए गए पिंजरे में तेंदुए के कैद हो जाने की सूचना मिली। उसके बाद वन विभाग की टीम ने पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया। तेंदुए के पिंजरे में कैद हो जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अब उसके शारीरिक परीक्षण के बाद घने जंगल में छाेड़ा जाएगा, ताकि वह दाेबारा गांव की ओर न आ सके।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल