सड़कों के नहीं हो सके टेंडर, 71.11 करोड़ रुपये शासन को लौटाए
मुरादाबाद, 09 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद मंडल की स्वीकृत सड़कों के निर्माण के लिए मार्च में शासन से पहली किश्त जारी की गई थी लेकिन अल्प अवधि में टेंडर का कार्य पूरा नहीं होने के कारण 71.11 करोड़ रुपये शासन को लौटा दिए गए। अब पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंताओं को शासन से पैसा वापस लेने के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता एसपी सिंह के अनुसार मार्च में स्वीकृत सड़कों के लिए पहली किश्त अवमुक्त हुई थी लेकिन समय कम होने की वजह से टेंडर जारी नहीं किए गए। इसी कारण 31 मार्च से पहले अधिशासी अभियंताओं को धन सरेंडर करना पड़ा। इसमें मुरादाबाद प्रांतीय खंड ने 9.1 करोड़ रुपये, द्वितीय खंड के 11.79 करोड़, अमरोहा प्रांतीय खंड ने 19.23 करोड़, निर्माण खंड ने 3.42 करोड़ और संभल जिले ने 27.57 करोड़ रुपये वापस किए थे।इस मामले में अधीक्षण अभियंता एसपी सिंह ने शासन से 71.11 करोड़ रुपये वापस लेने के लिए 15 दिन के अंदर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं ताकि समय से सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

