home page

मुरादाबाद : हाईवे के छह निजी अस्पताल सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस इलाज के लिए नामित

 | 
मुरादाबाद : हाईवे के छह निजी अस्पताल सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस इलाज के लिए नामित


मुरादाबाद, 08 जुलाई (हि.स.)। सड़क हादसे में घायल होने वाले मरीजों को इलाज के लिए पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। मुरादाबाद में हाईवे किनारे स्थित छह निजी अस्पतालों को सड़क दुर्घटना पीड़ितों के कैशलेस इलाज के लिए नामित किया गया है। यह जानकारी जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. कुलदीप सिंह ने बुधवार को दी।

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद यदि घायल को गोल्डन ऑवर (पहले एक घंटे) के भीतर इनमें से किसी अस्पताल में पहुंचा दिया जाता है तो सात दिन तक या अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का इलाज पूरी तरह कैशलेस होगा।

सीएमओ के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उपचार देकर मौतों की संख्या कम करना है। योजना के तहत मरीज या उसके परिजनों को भर्ती के समय कोई अग्रिम राशि जमा नहीं करनी होगी। इलाज का खर्च मोटर वाहन दुर्घटना निधि के माध्यम से वहन किया जाएगा। अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क दुर्घटना के घायलों का इलाज धन के अभाव में रोका नहीं जाएगा। दुर्घटना की सूचना मिलने पर 112 के माध्यम से भी मरीज को नामित अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि जिले में दिल्ली रोड स्थित टीएमयू हॉस्पिटल, आरआर हॉस्पिटल और साईं हॉस्पिटल, कांठ रोड पर कोठीवाल डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर तथा कॉसमॉस हॉस्पिटल व ठाकुरद्वारा हाईवे पर स्थित तेजस हॉस्पिटल को इस सुविधा के लिए सूचीबद्ध किया गया है। इन अस्पतालों में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों का तत्काल उपचार किया जाएगा।

सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि योजना के तहत किसी भी श्रेणी की सड़क पर मोटर वाहन दुर्घटना में घायल पात्र व्यक्ति को सात दिन तक या अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज मिलेगा। यह खर्च सरकार वहन करेगी। जल्द ही कुछ और अस्पतालों को इस सूची में शामिल किया जाएगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल