home page

कानपुर में 695 जर्जर भवनों के स्वामियों को नोटिस, बारिश में हादसे की आशंका पर नगर निगम सतर्क

 | 
कानपुर में 695 जर्जर भवनों के स्वामियों को नोटिस, बारिश में हादसे की आशंका पर नगर निगम सतर्क


कानपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। लगातार बारिश के दौरान जर्जर भवनों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर निगम ने 695 भवन चिन्हित कर उनके स्वामियों को नोटिस जारी किए हैं। भवनों की स्थिति की निगरानी के साथ आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यह बातें नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार को कहीं।

नगर निगम ने नगर क्षेत्र में 695 जर्जर एवं गिराऊ भवन चिन्हित किए हैं। इन भवनों के स्वामियों को नगर निगम अधिनियम, 1959 की धारा-331 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस में भवन की स्थिति का तत्काल परीक्षण कराने और आवश्यक मरम्मत व सुदृढ़ीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। अत्यधिक जर्जर भवनों को तत्काल खाली कराने के लिए भी कहा गया है।

नगर आयुक्त ने कहा कि लगातार बारिश के दौरान जर्जर भवनों से आसपास रहने वाले नागरिकों और राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में भवन स्वामियों को आवश्यक सुरक्षात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

चिन्हित भवनों की स्थिति की नगर निगम लगातार निगरानी कर रहा है। आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर अग्रिम कार्रवाई भी की जा रही है।

नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास कोई भवन अत्यधिक जर्जर या गिराऊ स्थिति में है तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय रहते सुरक्षात्मक कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप