home page

मथुरा रिफाइनरी में नराकास मथुरा की 61वीं बैठक संपन्न, राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन पर हुआ मंथन

 | 
मथुरा रिफाइनरी में नराकास मथुरा की 61वीं बैठक संपन्न, राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन पर हुआ मंथन


मथुरा, 16 जुलाई (हि.स.)। मथुरा रिफाइनरी में गुरूवार नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) मथुरा की 61वीं बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नराकास मथुरा के अध्यक्ष और रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने की।

बैठक में 01 अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक की छमाही अवधि के दौरान राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्यक्रम में विभिन्न सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों सहित कुल 91 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नराकास मथुरा में वर्तमान में शहर के डॉ छबिल कुमार मेहेर, उप निदेशक (कार्यान्वयन), क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, उत्तर क्षेत्र - 2, पूनम, सहायक निदेशक (हिन्दी शिक्षण योजना), फरीदाबाद, अनील कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन), अभिनव गोस्वामी, महाप्रबंधक (कर्मचारी सेवाये), विवेक शर्मा, वरिष्ठ प्रबन्धक (सीसी व सीएसआर) एवं विभिन्न कार्यालयों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहें । नराकास मथुरा में इस समय मथुरा शहर के कुल 42 कार्यालय सदस्य हैं।

क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (उत्तर क्षेत्र-2) के उप-निदेशक डॉ. छबिल कुमार मेहेर ने कार्यालय प्रमुखों की सक्रिय उपस्थिति की सराहना करते हुए इसे राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए आवश्यक बताया। वहीं, हिंदी शिक्षण योजना, फरीदाबाद की सहायक निदेशक पूनम ने कर्मचारियों के प्रशिक्षण और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

अध्यक्षीय भाषण में रिफाइनरी प्रमुख मुकुल अग्रवाल ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि अधिकांश कार्यालय वार्षिक लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल रहे हैं, जबकि शेष में सुधार के प्रयास जारी रहेंगे। बैठक के दौरान नराकास मथुरा की वार्षिक पत्रिका “ब्रज रश्मि” के नवीनतम अंक का विमोचन किया गया और विभिन्न रचनाकारों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन मथुरा रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारी (सीएसआर, हिंदी) दीपक साह ने किया। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार