home page

लखनऊ स्टेशन पर कांकॉर्स निर्माण कार्य के चलते प्रभावित होंगी पांच ट्रेनें

 | 
लखनऊ स्टेशन पर कांकॉर्स निर्माण कार्य के चलते प्रभावित होंगी पांच ट्रेनें


चार रेलगाड़ियां शॉर्ट टर्मिनेशन/ओरिजिनेशन होंगी व एक ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी

मुरादाबाद, 12 मई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि लखनऊ स्टेशन पर कांकॉर्स निर्माण कार्य के चलते पांच ट्रेनें प्रभावित होंगी। जिसमें चार रेलगाड़ियां शॉर्ट टर्मिनेशन/ओरिजिनेशन होंगी व एक ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलेगी।

सीनियर डीसीएम ने आगे बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ स्टेशन पर आरएलडीए द्वारा कांकॉर्स निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के अंतर्गत 15 मई से 23 जून तक लखनऊ स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-4 पर विकास कार्य के कारण ब्लॉक लिया जायेगा।

इसके फलस्वरूप गाड़ी संख्या 54338 शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर दिनांक 15 मई 2026 से 23 जून 2026 तक आलमनगर स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी। गाड़ी संख्या 54332 बालामऊ-लखनऊ पैसेंजर 15 मई 2026 से 23 जून 2026 तक आलमनगर स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी। गाड़ी संख्या 54337 लखनऊ-शाहजहांपुर पैसेंजर 15 मई 2026 से 23 जून 2026 तक आलमनगर स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी। गाड़ी संख्या 54331 लखनऊ-बालामऊ पैसेंजर दिनांक 15 मई 2026 से 23 जून 2026 तक आलमनगर स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट होगी।

सीनियर डीसीएम ने बताया कि गाड़ी संख्या 14308 बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस, जो अपने निर्धारित मार्ग आलमनगर-लखनऊ-उतरेटिया रेलखंड के रास्ते चलती है, दिनांक 15 मई 2026 से 23 जून 2026 तक आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया के परिवर्तित मार्ग से चलायी जायेगी। इस दौरान लखनऊ स्टेशन का ठहराव निरस्त रहेगा तथा आलमनगर एवं उतरेटिया स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया जायेगा।

रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि यात्रा प्रारम्भ करने से पूर्व गाड़ियों की स्थिति की जानकारी 139 पर प्राप्त कर लें।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल