home page

पीईटी के मद्देनजर मुरादाबाद रेल मंडल में किया गया 05 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन

 | 
पीईटी के मद्देनजर मुरादाबाद रेल मंडल में किया गया 05 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन


मुरादाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दृष्टिगत मुरादाबाद रेल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों एवं परीक्षार्थियों का बड़ी संख्या में आवागमन हुआ। यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन तथा भीड़ के सुव्यवस्थित प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। मंडल में 05 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया गया।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को ध्यान में रखते हुए मुरादाबाद-लखनऊ स्पेशल (04322), लखनऊ-मुरादाबाद स्पेशल(04321), मुरादाबाद-लखनऊ स्पेशल (04324), शाहजहांपुर-बिजनौर स्पेशल (04325), बिजनौर-मुरादाबाद स्पेशल (04326) स्पेशल ट्रेनें चलाई गई। इसके अतिरिक्त, मंडल के स्टेशनों पर आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त रेक की व्यवस्था भी की गई, ताकि यात्रियों की अतिरिक्त आवाजाही को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

परीक्षार्थियों एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 12558 (आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर सप्तक्रांति एक्सप्रेस) तथा गाड़ी संख्या 13258 (आनंद विहार टर्मिनलदृदानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस) को बरेली जंक्शन पर 05 मिनट का अतिरिक्त ठहराव प्रदान किया गया।

इस दौरान मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त )षि कुमार शुक्ला तथा बरेली जंक्शन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (द्वितीय) अंकित शर्मा एवं बिजनौर रेलवे स्टेशन पर सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (प्रथम) श्री एच.एस.मीना द्वारा निरंतर परीक्षार्थियों के सुगम,सुरक्षित आवागमन हेतु निगरानी की गई।

मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, विशेष रूप से मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, बिजनौर, अमरोहा, हरदोई, बुलंदशहर, हापुड़ एवं सीतापुर सिटी सहित अन्य स्टेशनों पर तैनात स्टेशन स्टाफ को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा यात्रियों की सुविधा, भीड़ के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की गई।

मंडल कार्यालय स्थित वार रूम के माध्यम से स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों एवं गाड़ियों की स्थिति पर नियमित निगरानी रखी गई। मंडल अधिकारियों द्वारा संबंधित स्टाफ को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त, मंडल अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल