home page

दीपोत्सव 2026 : मुरादाबाद महानगर 05 नवंबर को पांच लाख दीपों से होगा जगमग

 | 
दीपोत्सव 2026 : मुरादाबाद महानगर 05 नवंबर को पांच लाख दीपों से होगा जगमग


- मुख्य कार्यक्रम में पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी, थ्रीडी रंगोली और आकर्षक झांकियां शामिल

मुरादाबाद, 03 नवंबर (हि.स.)। दीपोत्सव 2026 पर 05 नवंबर को मुरादाबाद महानगर पांच लाख से अधिक दीपों से जगमगाएगा। नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख पार्कों, स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्य आयोजन लाइनपार स्थित रामलीला मैदान में शाम छह बजे होगा।

नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने मंगलवार को तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की। दीपोत्सव के तहत रामलीला मैदान, संविधान साहित्य पार्क, श्रीराम वाटिका, हनुमान वाटिका, त्रिशुल भारतीय रक्षा संग्रहालय, सर्किट हाउस के योग पथ, लोकोशेड के विजयपथ और नगर निगम कार्यालय टाउनहॉल में दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा स्मार्ट सिटी कार्यालय और दिल्ली रोड, कांठ रोड व रामपुर रोड की इमारतें भी रोशन होंगो।

सभी आयोजन स्थलों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम में पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी, थ्रीडी रंगोली और आकर्षक झांकियां दिखाई जाएंगी।

नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय और मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दीपावली से पहले दोनों स्थलों को आम लोगों के भ्रमण के लिए खोलने के मद्देनजर जरूरी व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल