उत्तर प्रदेश पुलिस को मुरादाबाद से रविवार को मिलेंगे 4950 सिपाही
मुरादाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग को रविवार को जनपद से 4950 सिपाही मिलेंगे। इन सभी सिपाहियों ने नए कानून के हिसाब से ट्रेनिंग पूरी की है। जिले में बने छह प्रशिक्षण संस्थानों में फाइनल रिहर्सल परेड का आयोजन किया गया, जिसमें सभी रंगरूट सिपाही की पूरी ड्रेस में मैदान में उतरे।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया उत्तीर्ण करने वाले चयनित 60 हजार 244 अभ्यर्थियों में से करीब पांच हजार अभ्यर्थियों को जिले के छह ट्रेनिंग सेंटरों में भेजा गया था। 20 जुलाई 2025 से अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग शुरू हुई। नौ माह तक इनडोर और आउटडोर विषयों की परीक्षा कराने के बाद इनके रिजल्ट भी घोषित कर दिए गए हैं। इन छह केंद्रों में 4950 प्रशिक्षु सिपाही परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। इनमें 1740 महिला सिपाही हैं।
पुलिस अधीक्षक लाइन सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि 26 अप्रैल को इनकी दीक्षांत परेड होगी। पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि डीजी ट्रेनिंग राजीव सभरवाल रहेंगे। पुलिस लाइन में परेड की रिहर्सल के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह, एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह और एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में 955 सिपाहियों ने प्रशिक्षण लिया। वहीं पीटीसी में 1460 (महिला सिपाही), पीटीएस में 1375, 24 वीं वाहिनी पीएसी में 440, 9 वीं वाहिनी पीएसी में 280 (महिला सिपाही), 23 वीं वाहिनी पीएसी में 440 सिपाहियों ने प्रशिक्षण लिया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

