home page

नोएडा में उपलब्ध है 436 मीट्रिक टन चीनी, अफवाहाें पर न दे ध्यान : जिला खाद्य विपणन अधिकारी

 | 
नोएडा में उपलब्ध है 436 मीट्रिक टन चीनी, अफवाहाें पर न दे ध्यान : जिला खाद्य विपणन अधिकारी


नोएडा, 23 अगस्त (हि.स.)। जिला प्रशासन चीनी की जमाखोरी और मुनाफाखोरी रोकने के लिए सक्रिय हो गया है। प्रशासन की टीम ने रविवार काे तहसीलवार डीलरों के स्टॉक का सत्यापन किया है। इस दौरान जिले में 436.75 मीट्रिक टन चीनी का स्टॉक मिला है। प्रशासन ने दावा किया है कि जिले में चीनी की कमी नहीं है। अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर दी जा रही भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है और सामान्य रूप से आपूर्ति की जा रही है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि चीनी के मूल्य में वृद्धि और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई। केंद्र सरकार ने 1 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक स्टॉक सीमा लागू की है। इसके तहत कोई डीलर 30 दिन से अधिक और 400 मीट्रिक टन से ज्यादा चीनी का स्टॉक नहीं रख सकते हैं। डीलरों को अपने स्टॉक की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करनी होगी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे चीनी की कमी से संबंधित अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। उन्होने बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी