home page

सीएसजेएमयू की परीक्षा में 43,033 परीक्षार्थी शामिल, डीबीएस कॉलेज में दो नकलची पकड़े गए

 | 
सीएसजेएमयू की परीक्षा में 43,033 परीक्षार्थी शामिल, डीबीएस कॉलेज में दो नकलची पकड़े गए


कानपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं में मंगलवार को तीन पालियों में 43,033 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,651 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में डीबीएस कॉलेज के दो छात्रों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़ा गया। यह जानकारी मंगलवार को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि तीनों पालियों में कुल 45,684 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक हुई। इसमें 21,851 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 7,890 छात्र और 13,961 छात्राएं शामिल थीं। इस पाली में 1,820 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इनमें 925 छात्र और 895 छात्राएं थीं। परीक्षा के दौरान नकल का कोई मामला सामने नहीं आया।

दूसरी पाली की परीक्षा सुबह 11:30 से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित हुई। इसमें 9,398 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 3,277 छात्र और 6,121 छात्राएं थीं। इस पाली में 479 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, डीबीएस कॉलेज में दो छात्रों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़ा गया। दोनों मामलों में अनुचित साधन प्रयोग समिति नियमानुसार कार्रवाई करेगी।

तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक हुई। इसमें 14,435 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 4,387 छात्र और 10,048 छात्राएं शामिल थीं। इस पाली में 352 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान नकल का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।

परीक्षा में छात्राओं की संख्या अधिक

तीनों पालियों के आंकड़ों के अनुसार परीक्षा में छात्राओं की भागीदारी छात्रों से अधिक रही। कुल पंजीकृत परीक्षार्थियों में 30,130 छात्राएं और 15,554 छात्र शामिल थे। वहीं, अनुपस्थित रहने वालों में 1,326 छात्राएं और 1,325 छात्र रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप