home page

मुरादाबाद : पहले दिन 4142 परीक्षार्थियों ने छोड़ी उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा

 | 
मुरादाबाद : पहले दिन 4142 परीक्षार्थियों ने छोड़ी उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा


सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न हुई यूपीटीईटी : डीआईओएस

मुरादाबाद, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) गुरुवार को मुरादाबाद में 26 केंद्रों पर सकुशल संपन्न हुई। पहले दिन गुरुवार को जनपद में सभी परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 22,500 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 18,358 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं पहले दिन 4142 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा कई सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न हुई, यह परीक्षा 4 जुलाई तक चलेगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर ने बताया कि लगातार तीन दिन तक होने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए मुरादाबाद जनपद में 54493 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिसमें गुरुवार को पहले दिन 22,500 परीक्षार्थियों की दोनों मीटिंग में परीक्षा थी। पहली पाली में 9151 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 2099 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 9207 उपस्थित रहे। वहीं 2043 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी 26 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सकुशल, शुचितापूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की यूपीटीईटी की निगरानी की गई।

डीआईओएस के अनुसार, मुरादाबाद में परीक्षा के लिए दो राजकीय इंटर कालेज, दो राजकीय पॉलीटेक्निक, दो अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालय और 20 अशासकीय सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

डीआईओएस रितु तोमर ने बताया कि आज की तरह 3 जुलाई को भी दोनों पालियों में यह परीक्षा संपन्न होगी। जबकि 4 जुलाई को सुबह की पाली में ही परीक्षा होगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल