सीएसए के 28वें दीक्षांत समारोह में 372 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि, 33 मेधावियों को पदकों से किया जाएगा सम्मानित
कानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) का 28वां दीक्षांत समारोह 10 जुलाई को आयोजित होगा। इस बार दीक्षांत समारोह में 372 विद्यार्थियों को उपाधियां और 33 मेधावियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया जाएगा। यह बातें बुधवार को कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने बताया कि समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि बीमस्टेक के महासचिव एंबेसडर इंद्रमणि पांडेय मुख्य अतिथि होंगे।
कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष कुल 372 विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 69 विद्यार्थियों को पीएचडी, 179 को बीएससी कृषि, 28 को बीएससी उद्यान, 19 को बीएससी फॉरेस्ट्री, 10 को बीएससी कम्युनिटी साइंस, 52 को बीटेक की विभिन्न शाखाओं आठ को बीएफएससी तथा सात विद्यार्थियों को बीटेक डेयरी टेक्नोलॉजी की डिग्री प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना है। इसी उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ते हुए उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर 33 विद्यार्थियों को विभिन्न पदकों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 14 छात्राओं और 19 छात्रों को सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों की मेहनत और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है।
कुलसचिव रेनू सिंह ने बताया कि समारोह में नौ विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, नौ को विश्वविद्यालय रजत पदक, नौ को विश्वविद्यालय कांस्य पदक तथा छह विद्यार्थियों को प्रायोजित स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में अर्थ नियंत्रक संजय राय, विश्वविद्यालय के सभी अधिष्ठाता, निदेशक और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

