home page

नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण : प्रतिभा शुक्ला

 | 
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को मिलेगा 33 फीसदी आरक्षण : प्रतिभा शुक्ला


कानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। गोविंद नगर विधानसभा में आयोजित नारी शक्ति सम्मेलन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जोरदार स्वर उठे। वक्ताओं ने इसे 21वीं सदी का ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने सामाजिक बदलाव का संकेत दिया। इस दौरान महिलाओं को राजनीति में समान भागीदारी देने पर बल दिया गया। यह बातें बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कही।

गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को अमर गेस्ट हाउस, सरोजनी नगर में नारी शक्ति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सरोज सिंह ने की, जबकि संचालन कार्यक्रम संयोजक किरन तिवारी ने किया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के इस निर्णय की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक बताया।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अपने संबोधन में कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से साधारण परिवार की बेटियों को भी देश की सर्वोच्च संस्थाओं में नेतृत्व करने का अवसर मिलेगा। यह निर्णय महिलाओं को केवल वोटर नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माता के रूप में स्थापित करेगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि यह कानून “बेटी बोझ नहीं, भविष्य है” की सोच को मजबूती देगा और देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जानकारी दी कि 15 से 17 अप्रैल के बीच कानपुर उत्तर जिले की सभी विधानसभाओं में इसी प्रकार के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में पूनम कपूर, रंजीता पाठक, किरन तिवारी, शालिनी कटियार, निधि बाजपेई, पार्षद आरती त्रिपाठी, शिल्पी सोनकर, शोभा शुक्ला, राधा पांडे, सुमन श्रीवास्तव, सुलेखा सिंह, वंदना परिहार, सरिता साहनी, प्रियंका सिंह, नेहा श्रीवास्तव, जया और सुमित्रा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप