home page

विष्णु सहस्त्रार्चन से गूंजा सिविल लाइंस, 32 परिवारों ने किया सामूहिक पूजन : अर्चना गुप्ता

 | 
विष्णु सहस्त्रार्चन से गूंजा सिविल लाइंस, 32 परिवारों ने किया सामूहिक पूजन : अर्चना गुप्ता


विष्णु सहस्त्रार्चन से गूंजा सिविल लाइंस, 32 परिवारों ने किया सामूहिक पूजन : अर्चना गुप्ता


कानपुर, 07 जून (हि.स.)। पुरुषोत्तम माह के पावन अवसर पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना के लिए आयोजित विष्णु सहस्त्रार्चन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है तथा संस्था भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। यह बातें रविवार को ओम जय जगदीश महिला मण्डल की पूर्व अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहीं।

कानपुर की सामाजिक संस्था ओम जय जगदीश महिला मण्डल परिवार की ओर से पुरुषोत्तम माह के पावन पर्व पर गोकुल प्रसाद ट्रस्ट, सिविल लाइंस में श्री विष्णु सहस्त्रार्चन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 32 परिवारों ने सहभागिता करते हुए भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।

आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने 1008 तुलसी दल और पुष्प अर्पित कर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान विष्णु का सहस्त्रार्चन किया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान से परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम आयोजकों ने बताया कि संस्था समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती है। इन आयोजनों में महिलाओं के साथ पुरुष और युवा वर्ग भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है। संस्था का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर धार्मिक आस्था का परिचय दिया तथा पुरुषोत्तम माह के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। आयोजकों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप