पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बोलेरो का टायर फटने से हुआ भीषण हादसा, तीन की मौत
बाराबंकी 01 मार्च (हि.स.)। जिले के थाना लोनीकटरा क्षेत्र के ग्राम नेरा कबूलपुर के पास रविवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बोलेरो गाड़ी का पिछला टायर फटने से हुए भीषण हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हो गई। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका सीएचसी में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि बोलेरो में सभी अयोध्या के इनायत नगर सुक्खापुर निवासी लखनऊ के मोहनलाल गंज में आयोजित सत्संग से वापस लौट रहे थे। घायलों को लखनऊ की सीएचसी गोसाईगंज पहुंचाया गया जिसमें तीन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि पांच का उपचार किया जा रहा है।
लोनीकटरा थाना प्रभारी अभय मौर्य ने बताया कि तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि अन्य का इलाज चल रहा है। जिनकी हालत ठीक बताई जा रही है। मृतकों के शिनाख्त की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

