यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रविवार को होगा दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन
मुरादाबाद, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 30 अगस्त (रविवार) को दो वन-वे आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि अयोध्या कैंट से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली रेलगाड़ी संख्या 04213 का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन अयोध्या कैंट से शाम 6ः20 मिनट पर कर चलेगी और बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़, गाजियाबाद स्टेशन पर ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वहीं वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली रेलगाड़ी संख्या 04217 वाराणसी से दोपहर 3 बजकर 40 मिनट पर चलेगी और फिर माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली जंक्शन, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़, गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

