कानपुर में 256 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिले नियुक्ति पत्र, बढ़े मानदेय का भी लाभ : सीडीओ
कानपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल से जुड़ी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। शासन की ओर से मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा से कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक मजबूती के साथ सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी। यह बातें मंगलवार काे मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहीं।
मर्चेंट चैंबर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ ने 30 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। जिले में कुल 256 पदों पर कार्यकत्रियों का चयन किया गया है। घाटमपुर, बिल्हौर और नर्वल तहसील के साथ कल्याणपुर विकासखंड में भी कार्यक्रम आयोजित कर नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
कार्यक्रम में अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का प्रसारण भी देखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय तथा सामाजिक सुरक्षा को लेकर चार घोषणाएं कीं। इसका लाभ कानपुर नगर की 4,104 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को मिलेगा।
घोषणा के तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में चार हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। अब उन्हें 12 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। सहायिकाओं के मानदेय में दो हजार रुपये की बढ़ोतरी कर छह हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को हर वर्ष पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा कार्यकत्रियों को पहले मिलने वाली दो साड़ियों के स्थान पर अब तीन साड़ियों के लिए 1,500 रुपये की धनराशि सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी। डिजिटल कामकाज को सुगम बनाने के लिए सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई है।
मर्चेंट चैंबर हॉल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बिधनू की आशा देवी और चन्द्रवती देवी, शहर प्रथम की अन्नू, वन्दना साहू और वन्दना सविता तथा शहर द्वितीय की शांति और पार्वती देवी शामिल हैं। इन्हें गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा गतिविधियों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन में बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत नवजात बालिकाओं आरती, दीपाली, कीर्ति, रवीना और आयशा को पोषण किट व उपहार दिए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। बालिका अलिना अंसारी का जन्मदिन मनाया गया, जबकि कृष्णा और मृदुल का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।
गर्भवती महिलाओं नेहा, सीमा, कमलेश गुप्ता, गौरी और शीलम की गोदभराई कर उन्हें पोषण किट प्रदान की गई। गंभीर कुपोषित श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा के निर्देशन में हुआ। आयोजन में परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह और जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह की भूमिका रही। सीडीपीओ बिधनू रत्ना श्रीवास्तव और सीडीपीओ शहर प्रथम पुष्पा देवी ने टीम के साथ सहयोग किया। कार्यक्रम में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और महिला कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा लाभार्थी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

