home page

महोबा में स्वयं सहायता समूह तैयार करेंगे 2.5 लाख झंडे, 8 से 15 अगस्त तक हाेंगे विशेष कार्यक्रम

 | 
महोबा में स्वयं सहायता समूह तैयार करेंगे 2.5 लाख झंडे, 8 से 15 अगस्त तक हाेंगे विशेष कार्यक्रम


महोबा, 03 अगस्त (हि.स.)। यूपी के महोबा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की। इस बैठक में जनपद अधिकारियों को इस अभियान को जन भागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाते हुए प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित समय में पूरा करने को निर्देशित किया, ताकि 15 अगस्त को हर घर पर तिरंगा फहराया जा सके।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा राष्ट्र भक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने वाला जन आंदोलन है।शासन द्वारा जनपद को 2 लाख 50 हजार तिरंगे जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार कर उपलब्ध कराए जाएंगे। जनपद के 52 स्वयं सहायता समूहों की 210 महिला सदस्य ध्वज संहिता के अनुरूप गुणवत्ता के साथ राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण करेंगी। उन्होंने झंडों के भुगतान और वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध रखने के निर्देश दिए हैं।

बताया कि 8 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे जनपद में धूमधाम से अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत बाइक रैली, प्रभात फेरी और जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान चलाने को निर्देशित किया है। और इसके साथ ही सभी विभागों को निःशुल्क झंडा प्राप्त कर अपने विभाग के लाभार्थियों तक पहुंचाने का लक्ष्य भी दिया गया है ।

मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि झंडा फहराने के नियमों और कानूनों का पालन हो। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से स्वयं सहायता समूहों को रोजगार भी मिल रहा है।इस दौरान बैठक में एडीएम इन्द्र नन्दन सिंह, पीडी विपिन कुमार, सीवीओ रंजन सिंह, बीएसए राहुल मिश्रा, डीडीएजी रामसजीवन, डीसी एनआरएलएम अशोक कुमार, डीपीआरओ चन्द्रकिशोर वर्मा, पर्यटन अधिकारी चित्रगुप्त सहित सभी बीडीओ और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी