खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया विशेष अभियान, अधाेमानक रंगीन फिंगर चिप्स कराया नष्ट
कानपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। बारिश के मौसम में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बातें गुरुवार को सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने विशेष अभियान के दौरान कहीं।
जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर आठ खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। अभियान के दौरान किदवई नगर स्थित एक प्रतिष्ठान में बिक्री के लिए रखे 25 किलोग्राम रंगीन फिंगर चिप्स को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ठाकुर दूध डेयरी, बर्रा से दूध एवं पनीर, गोवर्धन डेयरी, घाटमपुर से मिश्रित दूध, पांडेय स्वीट एंड नमकीन, घाटमपुर से पनीर, जवाहर नगर से कुल्फी, राठौर दूध डेयरी, पनकी से पनीर, गोपाल दूध भंडार, रामनारायण मार्केट से भैंस का दूध, गुलशन डेयरी, फजलगंज से दही तथा स्पाइसी फूड, किदवई नगर से सांभर और चिली पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों को वर्षा ऋतु में खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करने वालों के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

