home page

पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की नीति मध्यम वर्ग के साथ आर्थिक अन्याय : पवन गुप्ता

 | 
पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण की नीति मध्यम वर्ग के साथ आर्थिक अन्याय : पवन गुप्ता


कानपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की नीति आम जनता, विशेषकर मध्यम वर्ग के साथ आर्थिक अन्याय है। यह कार्य सरकार, एथनॉल निर्माताओं और तेल कंपनियों के बीच मुनाफ़ाख़ोरी का गठजोड़ है, जिसका पूरा बोझ देश की जनता पर डाला जा रहा है। यह आरोप सोमवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने लगाए।

पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण (ई20) के विरोध में आज कानपुर महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा कोतवाली चौराहे पर सत्याग्रह आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर एथनॉल मुनाफ़ाख़ोरी का नया नाम है सरकारी मिलावट बंद करो, मध्यम वर्ग, किसान, व्यापारी, मजदूर परिवारों का उत्पीड़न बंद करो जैसे नारे लगाते हुए सरकार की नीतियों का विरोध किया।

पवन गुप्ता ने कहा कि एथनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग से अनेक वाहन मालिकों को माइलेज में कमी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे ईंधन की खपत बढ़ रही है और आम लोगों का मासिक खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को सस्ता और गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध कराने के बजाय ऐसी नीतियां लागू कर रही है जिनसे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनता के हित में काम करना चाहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत दे, टैक्स कम करे और ऐसी नीतियों पर पुनर्विचार करे जिनसे आम नागरिकों की जेब पर सीधा असर पड़ता है। कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे पर व्यापक जनआंदोलन भी चलाया जाएगा।

सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से एथनॉल मिश्रण की नीति की स्वतंत्र समीक्षा कराने तथा आम जनता और वाहन उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोपरि रखने की मांग की।

प्रदर्शन में हर प्रकाश अग्निहोत्री, पदम मोहन मिश्रा, दुर्गा मिश्रा, मानेश दीक्षित, अहमदुल्ला मालिक, इकबाल अहमद, एकलाख अहमद, राकेश साहू, दिनेश सिंह, सुभाष तिवारी, राम प्रकाश तिवारी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप