19वें एशियन गेम्स के रजत पदक विजेता खिलाड़ी नितिश, अजय और नीरज बनेंगे जिला युवा कल्याण अधिकारी
-मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई कमेटी की बैठक में लिया गया फैसला
लखनऊ, 12 अगस्त (हि.स.)। मुख्य सचिव एस.पी.गोयल की अध्यक्षता में बुधवार काे आयोजित कमेटी की बैठक में वर्ष 2022 के एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देने के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। कमेटी द्वारा पदक विजेता खिलाड़ियों नितिश कुमार, अजय कुमार सरोज और नीरज को जिला युवा कल्याण अधिकारी के पद पर नियुक्त किए जाने पर सहमति प्रदान की गई।
बैठक में खिलाड़ियों की उपलब्धियों और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने में उनके योगदान को देखते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मान एवं अवसर प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। यह भी कहा कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए सरकारी पद सृजन एवं नियुक्ति प्रक्रिया को त्वरित गति से पूर्ण कराया जाए।
कमेटी के इस निर्णय से वर्ष 2022 के एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले इन खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ प्रशासनिक सेवा में भी अपनी प्रतिभा का उपयोग करने का अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में आयोजित 19वें एशियन गेम्स की नौकायन (रोइंग) पुरुष स्पर्धा में नितिश कुमार एवं नीरज तथा एथलेटिक्स पुरुष 1500 मीटर दौड़ स्पर्धा में अजय कुमार सरोज ने रजत पदक प्राप्त किया था। बैठक में प्रमुख सचिव नियुक्ति एम०देवराज, सचिव खेल सुहास एल०वाई, खेल निदेशक आर०पी०सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

