वित्तीय वर्ष 2025-26 के फरवरी माह में उप्र सरकार को 18 हजार 412 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ
लखनऊ, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि प्रदेश के मुख्य कर-करेत्तर राजस्व वाले मदों में वित्तीय वर्ष 2025-26 के फरवरी माह में कुल 18 हजार 412.25 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के फरवरी माह में 17 हजार 997.07 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार गत वर्ष की तुलना में वर्तमान वित्तीय वर्ष के माह फरवरी में 415.18 करोड़ राजस्व अधिक प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि कर राजस्व वाली मदों के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह फरवरी तक एक लाख 96 हजार 653.27 करोड़ की प्राप्ति हुई है। जो वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह फरवरी तक निर्धारित लक्ष्य का 73.2 प्रतिशत है।
वित्त मंत्री ने बताया कि जी०एस०टी० के अन्तर्गत फरवरी में सात हजार 202.36 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई। वैट के अन्तर्गत फरवरी में दो हजार 525.87 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्ति हुई। आबकारी के अन्तर्गत इस माह 4503.68 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई। स्टाम्प तथा निबन्धन के अन्तर्गत दो हजार 731.95 करोड़ है। वहीं परिवहन के अन्तर्गत राजस्व प्राप्ति 1076.38 करोड़ रुपये रही है। करेत्तर राजस्व की प्रमुख मद भू-तत्व तथा खनिकर्म के अंतर्गत फरवरी में 372.01 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह फरवरी तक कर राजस्व के अंतर्गत कुल एक लाख 96 हजार 653.27 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है। जो माह फरवरी 2026 तक निर्धारित लक्ष्य 268575.78 करोड़ के सापेक्ष 73.2 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि राज्यकर के अंतर्गत माह फरवरी तक राजस्व प्राप्ति के निर्धारित लक्ष्य एक लाख 59 हजार 695.88 करोड़ के सापेक्ष एक लाख तीन हजार 767.62 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य का 65 प्रतिशत है। आबकारी मद के अंतर्गत इस अवधि तक निर्धारित लक्ष्य 57 हजार 500.00 करोड़ रुपये के सापेक्ष 48 हजार 452.85 करोड़ की प्राप्ति हुई है। यह निर्धारित लक्ष्य का 84.3 प्रतिशत है। स्टाम्प तथा निबंधन के अंतर्गत फरवरी माह तक राजस्व प्राप्ति निर्धारित लक्ष्य 34 हजार 753.00 करोड़ रुपये के सापेक्ष 29 हजार 869.75 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो लक्ष्य का 85.9 प्रतिशत है। परिवहन मद में निर्धारित लक्ष्य 12 हजार 664.40 करोड़ के सापेक्ष 11 हजार 139.77 करोड़ की प्राप्ति हुई है जो 88 प्रतिशत है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

