home page

पुलिस व्यवस्था को मिली मजबूती: 16 नए पीआरवी वाहनों को एसपी ने दिखाई हरी झंडी

 | 
पुलिस व्यवस्था को मिली मजबूती: 16 नए पीआरवी वाहनों को एसपी ने दिखाई हरी झंडी


बांदा, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा आपातकालीन पुलिस सेवाओं को तेज एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। डायल यूपी-112 मुख्यालय से जनपद को 16 नए चार पहिया पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।

पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने इन सभी नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्राप्त वाहनों में 3 इनोवा और 13 स्कॉर्पियो शामिल हैं, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इस मौके पर एसपी पलाश बंसल ने बताया कि इन नए वाहनों के शामिल होने से जिले में पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और मजबूत होगी। पीआरवी वाहनों की संख्या बढ़ने से घटनास्थल पर पहुंचने का समय (रिस्पांस टाइम) कम होगा, जिससे आम जनता को त्वरित सहायता मिल सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन संसाधनों के माध्यम से पुलिस की कार्यक्षमता में सुधार होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में और अधिक मजबूती आएगी।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह