home page

कड़ी धूप में होमगार्ड भर्ती की दौड़, 15 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी

 | 
कड़ी धूप में होमगार्ड भर्ती की दौड़, 15 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी


जौनपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान मंगलवार को जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम, सिद्धिकपुर में कड़ी धूप के कारण 15 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें कई अभ्यर्थी दौड़ के दौरान गिरकर घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध अस्पताल, सिद्धिकपुर ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार को स्टेडियम में होमगार्ड भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा चल रही थी। तेज धूप और गर्मी के बीच दौड़ में शामिल अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। नितेश निवासी जमुनिया, गाजीपुर, राजकुमार निवासी भट्ठी, गाजीपुर और सत्यम निवासी गाजीपुर समेत 15 अभ्यर्थी दौड़ के दौरान गिरकर घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों की मदद से अभ्यर्थियों को स्टेडियम से बाहर लाकर एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। भर्ती परीक्षा में गाजीपुर और बलिया समेत आसपास के जिलों के अभ्यर्थी शामिल होने पहुंचे थे।

सिद्धिकपुर बूथ चौकी प्रभारी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि 15 अभ्यर्थियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था। इनमें 12 को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि तीन अभ्यर्थियों का इलाज चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव