नहर में नहाने गए किशाेर की डूबने से मौत
जौनपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। जौनपुर में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के अरंद गांव के पास रविवार को शारदा सहायक नहर खंड-32 में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
खेतासराय थाना क्षेत्र के कासिमपुर गांव निवासी आसिफ का पुत्र वकार (14) इन दिनों शाहगंज क्षेत्र के अरंद गांव स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था। रविवार दोपहर वकार गांव के पास स्थित शारदा सहायक नहर खंड-32 में अन्य बच्चों के साथ नहाने गया था। नहाते समय वकार अचानक नहर के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देखकर साथ नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद किशोर को नहर से बाहर निकाला।
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान अरंद, ग्राम प्रधान अरनौला सहित अन्य लोगों की मदद से वकार को तत्काल खेतासराय स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे शाहगंज के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शाहगंज कोतवाल दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

