दीपावाली पर बढ़ाए जाएंगे रोडवेज बसों के 120 अतिरिक्त फेरे
मुरादाबाद, 03 अक्टूबर (हि.स.) दीपावाली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली, बरेली, अलीगढ़ और बदायूं रूट पर विशेष रूप से बसों की संख्या बढ़ाने की योजना है। यात्रियों की उपलब्धता के अनुसार मुरादाबाद से सोनौली तक भी अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।
एआरएम राजवती का कहना है कि दिवाली से पहले और बाद में यात्रियों की संख्या सबसे अधिक बढ़ती है। इसे देखते हुए बसों के संचालन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। दिल्ली रूट पर 40, बरेली पर 50, अलीगढ़ पर 20 और बदायूं रूट पर 10 अतिरिक्त फेरे लगाए जाने की तैयारी है। यात्रियों की मांग बढ़ने पर इन फेरों की संख्या और बढ़ा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सोनौली रूट पर भी यात्रियों की संख्या के अनुसार बसें चलाने की योजना है। मांग के अनुसार इस रूट पर संचालन शुरू किया जाएगा।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

