home page

मां की डांट के बाद 12 साल के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान

 | 
मां की डांट के बाद 12 साल के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान


कानपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर स्थित शिवनगर में शनिवार देर शाम 12 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। स्कूल से लौटने के बाद छोटे भाई से विवाद होने पर मां ने उसे डांट दिया था। कुछ देर बाद मां कमरे में पहुंचीं तो बेटा फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

शिवनगर निवासी आफताब खान परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। वह घरों में पुताई का काम करते हैं। परिवार में पत्नी अफसाना के अलावा दो बेटे अदनान (12) और अफान थे।

अफसाना के मुताबिक आज स्कूल से घर लौटने के बाद दोनों भाइयों के बीच झगड़ा होने लगा। इस पर उन्होंने बड़े बेटे अदनान को डांट दिया। गुस्से में उन्होंने दोनों के रोजाना झगड़ने पर छोटे बेटे को लेकर घर छोड़कर चले जाने और अदनान के अकेले रह जाने की बात भी कही थी।

इसके बाद अफसाना घर के काम में लग गईं और अदनान दूसरे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद जब वह बेटे को देखने कमरे में पहुंचीं तो उसे फंदे पर लटका पाया। यह देखकर उनकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घर में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलने पर रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया।

रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शुरुआती जांच में मां की डांट से नाराज होने की बात सामने आई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप