कानपुर पुलिस ने खाेज निकाले 111 गुम हुए मोबाइल
कानपुर, 12 जून (हि.स.)। सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) तकनीक और सर्विलांस टीम की मदद से कानपुर पुलिस ने शुक्रवार को 111 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब पच्चीस लाख दस हजार रुपये आंकी गयी हैं। इस कार्रवाई के बाद मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नक़त चौधरी ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और अन्य प्राप्त सूचनाओं के आधार पर तकनीकी विश्लेषण एवं लगातार प्रयासों के जरिए 111 मोबाइल फोन खोज निकाले गए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 25 लाख 10 हजार रुपये है। सभी मोबाइल उनके सत्यापित स्वामियों को विधिवत सुपुर्द कर दिए गए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कानपुर नगर पुलिस और सर्विलांस सेल दक्षिण जोन की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होता है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि मोबाइल फोन गुम होने या किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने, साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

