home page

दहेज प्रथा और लव जिहाद जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दे संपन्न हुआ 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह

 | 
दहेज प्रथा और लव जिहाद जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दे संपन्न हुआ 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह


दहेज प्रथा और लव जिहाद जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दे संपन्न हुआ 11 जोड़ों का सामूहिक विवाह


कानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। सामाजिक एकता को मजबूत करने और दहेज जैसी कुरीतियों के खिलाफ सशक्त संदेश देने के उद्देश्य से आनंदेश्वर मानव सेवा समिति ने 11 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह संपन्न कराया। गाजे-बाजे, वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच नवदंपत्तियों को नए जीवन की शुभ शुरुआत कराई गई। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने दी।

समारोह का आयोजन कल्याणपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर किया गया, जहां पूरे विधि-विधान से कन्यादान, हवन, फेरे और सिंदूरदान की रस्में पूरी कराई गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली दहेज प्रथा, जबरन धर्म परिवर्तन और लव जिहाद जैसी कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। समिति ने स्पष्ट किया कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना उनकी प्राथमिकता है और आगे भी ऐसे आयोजन किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और समिति के पदाधिकारियों ने सभी 11 जोड़ों का स्वागत कर उन्हें आशीर्वाद दिया। नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी की शुरुआत के लिए कपड़े, बर्तन, बिस्तर, ट्रंक, अलमारी, घड़ी सहित अन्य जरूरी सामान भेंट किया गया, ताकि वे आत्मसम्मान के साथ नया जीवन शुरू कर सकें।

नवदंपत्तियों ने आयोजन के लिए समिति का आभार जताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे कार्यक्रम न केवल आर्थिक बोझ कम करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। आयोजन ने कई परिवारों के लिए नई उम्मीद और नई शुरुआत की राह खोली।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप