वृहद रोजगार मेले में साक्षात्कार के माध्यम से 1097 अभ्यर्थी चयनित
मुरादाबाद, 25 फरवरी (हि.स.)। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन एवं राजकीय, पॉलीटेक्निक मुरादाबाद के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन राजकीय पॉलीटेक्निक में किया गया।जिसमें साक्षात्कार के माध्यम से 1097 अभ्यर्थियों को चयनित/शार्ट लिस्ट किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सिंह सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शैफाली सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी द्वारा दीप प्रज्वलित करके किया गया।
इस रोजगार मेले में लगभग 50 कम्पनियों एवं लगभग 3000 से अधिक रोजगार के इच्छुक युवाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया तथा विभिन्न प्रतिभागी कम्पनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से 1097 अभ्यर्थियों को चयनित/शार्ट लिस्ट किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं की बेरोजगारी न केवल भारत अपितु समग्र विश्व की एक प्रमुख समस्या है। हमारा देश विकास के पथ पर बहुत ही तेजी से अग्रसर है। इस प्रक्रिया को तीव्रता प्रदान करने हेतु केन्द्र तथा राज्य सरकार हर हाथ को काम देने के लिए कृत संकल्पित है। आज राजकीय पॉलीटेक्निक, मुरादाबाद के मैदान पर आयोजित किया जा रहा यह वृहद रोजगार मेला इसी दिशा में किया जा रहा एक बेहतर प्रयास है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शेफाली चौहान ने कहा कि मुरादाबाद के युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का यह अवसर है। युवाओं से अनुरोध है कि वह शुरूआत करें और आगे बढ़े, अपने हुनर को निखार कर कम्पनी की आवश्यकता बने।
कार्यक्रम में प्रमुख स्थानीय कम्पनियाँ जैसे पशुपति एकिलोन लिमिटेड, ईवा फाईवर, कॉसमॉस अस्पताल, जीनस पेपर मिल, बजीर चन्द्र प्रा०लि०, सी०एल० गुप्ता, डिजाइन्को प्रा०लि०, साई अस्पताल, एशियन विवेकानन्द अस्पताल, पुखराज हैल्थ केयर प्रा०लि० तथा आदि को इस मेले में आमंत्रित किया गया है। इसी प्रकार मुरादाबाद से बाहर एवं बेहतर रोजगार के अवसरों को उपलब्ध कराने के लिए निजी क्षेत्र की बड़ी कम्पनियाँ जैसे रोलोन सेल्स, महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा लिमिटेड, टाटा मोटर्स लिमिटेड, महेन्द्रा स्वराज, श्रीराम पिस्टन एण्ड रिंग लिमिटेड, डाइकन ए०सी०, आदि ने प्रतिभाग किया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

