प्रदेश सरकार के विजन को साकार करने के लिए शत-प्रतिशत नामांकन आवश्यक: राजेन्द्र कुमार मौर्य
--प्रतापगढ़ में “स्कूल चलो अभियान” का शुभारम्भ, शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया गया संदेश
प्रतापगढ़, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जनपद स्तरीय “स्कूल चलो अभियान”कार्यक्रम हरि पैलेस सगरा में बड़े उत्साह एवं गरिमामयी वातावरण में बुधवार को हुआ। मुख्य अतिथि विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के विजन को साकार करने के लिए शत-प्रतिशत नामांकन अत्यंत आवश्यक है। अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, क्योंकि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।
जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक सेवित क्षेत्र में भ्रमण कर नामांकन पंजिका तैयार की जाए तथा अभिभावकों के साथ संवाद के लिए नियमित पीटीएम आयोजित की जाए।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने बच्चों को अनुशासन में रहकर मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होने शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अनुरूप नामांकन उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिले के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी, पूर्व एआरपी एवं विभिन्न विकास खंडों के शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक ओमकार राणा, परियोजना निदेशक दयाराम यादव, सहायक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सह जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

