साै करोड़ का कन्वेंशन सेंटर अब तक नहीं हुआ शुरू, सपा विधायकों ने सीएम को लिखा पत्र
कानपुर, 07 मार्च (हि.स.)। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बने कन्वेंशन सेंटर का निर्माण पूरा होने के बाद भी उसका नियमित संचालन शुरू न होना चिंताजनक है। इससे शहर के व्यापारिक, सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर लोगों को असुविधा उठानी पड़ रही है। यह बातें शनिवार को आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी और सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी ने कही।
दोनों विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर को जल्द शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कानपुर नगर निगम की भूमि पर कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया गया है। इसका निर्माण कार्य जुलाई 2024 में पूरा हो चुका है। इसके अलावा चार अक्टूबर 2024 को जिला प्रशासन के सहयोग से परिसर में एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया था, जिससे स्पष्ट है कि भवन उपयोग के लिए तैयार है।
बावजूद इसके अब तक कन्वेंशन सेंटर का नियमित संचालन शुरू नहीं किया गया है। इसके चलते शहर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और अन्य संगठनों को अपने कार्यक्रमों के आयोजन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों विधायकों ने कहा कि इतनी बड़ी सार्वजनिक परिसंपत्ति का लम्बे समय तक निष्क्रिय रहना संसाधनों के समुचित उपयोग के विपरीत है और इससे शहर के आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
विधायकों ने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए कन्वेंशन सेंटर के संचालन में हो रही देरी के कारणों की जांच कराने और इसके शीघ्र, पारदर्शी व नियमित संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।
चुन्नीगंज स्थित यह कन्वेंशन सेंटर सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जिसे शहर में बड़े कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और व्यावसायिक आयोजनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

