home page

मुरादाबाद : तीन दिन पूर्व घर से लापता 10 वर्षीय छात्र हरिद्वार में मिला

 | 
मुरादाबाद : तीन दिन पूर्व घर से लापता 10 वर्षीय छात्र हरिद्वार में मिला


मुरादाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। तीन दिन पूर्व घर से बिना बताए चला गया मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में रहने वाला 10 वर्षीय छात्र आर्यन पाल सोमवार शाम को हरिद्वार में मिल गया। पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस हरिद्वार के द्वारा आज दोपहर सूचना दी गई थी कि मुरादाबाद का रहने वाला आर्यन पाल छात्र यहां रेलवे स्टेशन पर घूमता हुआ मिला है । इसके बाद परिजनों से हरिद्वार लेने के लिए रवाना हो गए।

मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र निवासी सोमपाल ने बताया था कि कक्षा चार में पढ़ने वाला 10 वर्षीय उनका बड़ा बेटा आर्यन पाल तीन दिन पूर्व शनिवार को सुबह करीब 6 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की लेकिन शाम तक उसका कहीं पता नहीं चला था तब शनिवार देर रात्रि थाना मझोला में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। गुमशुदा छात्र आर्यन पाल रविवार सुबह रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था। फुटेज में आर्यन पाल उसमें प्लेटफार्म पर खड़ा दिखाई दे रहा है और ट्रेन का इंतजार कर रहा है। फिर वह प्लेटफार्म से आगे की तरफ चला गया।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गुमशुदा बालक आर्यन पाल की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगाई थी। राजकीय रेलवे पुलिस हरिद्वार के द्वारा आज दोपहर सूचना दी गई थी कि मुरादाबाद का रहने वाला आर्यन पाल छात्र यहां रेलवे स्टेशन पर घूमता हुआ मिला है इसके बाद परिजनों से हरिद्वार लेने के लिए रवाना हो गए।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल