पूर्व विधायक हाजी रिज़वान के 10 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख
मुरादाबाद, 14 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना कुंदरकी क्षेत्र में मंगलवार रात्रि अफरा-तफरी मच गई। पूर्व विधायक हाजी रिज़वान के करीब 10 बीघा खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ थी कि देखते ही देखते पूरी फसल जलकर राख हो गई।
मंगलवार रात्रि 08 बजे के लगभग ग्राम इधनपुर-फरेदी मार्ग स्थित पूर्व विधायक के खेतों में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही पूर्व विधायक के परिजन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज़ हवाओं और ऊंची लपटों के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खेत के पास से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया कि घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वहीं मौके पर पहुंचे किसान नेता दानिश पाशा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर घटना की जानकारी दी, जिस पर विभाग की ओर से कर्मचारियों को भेजने का आश्वासन दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

