home page

(अपडेट) बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण हमारी अटूट आस्था का प्रतीक : पंकज चौधरी

 | 
(अपडेट) बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण हमारी अटूट आस्था का प्रतीक : पंकज चौधरी


रायबरेली, 13 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को रायबरेली जनपद के बछरावां में डॉ.भीमराव अंबेडकर की नवीन प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बाबा साहब के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया तथा कहा कि यह आयोजन केवल एक प्रतिमा का अनावरण नहीं,बल्कि सामाजिक न्याय,समानता और संविधान के मूल्यों के प्रति हमारी अटूट आस्था का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि सपा ने परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति की और उनके समय में बाबा साहेब के संविधान का राज नहीं बल्कि माफ़ियाराज था इसीलिए उत्तर प्रदेश की देव तुल्य जनता ने 2017 में दंगा वालो को हटाकर गंगा वालो को चुना।

पंकज चौधरी ने कहा कि बछरावां की पावन धरती मेहनतकश किसानों, संघर्षशील युवाओं और सामाजिक समरसता की पहचान रही है। यहां के लोगों की मेहनत और संघर्ष ही देश को आगे बढ़ाने की शक्ति प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन हमें यह सिखाता है कि विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और शिक्षा के माध्यम से समाज में व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने देश को एक ऐसा संविधान दिया, जो हर नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। उनका संपूर्ण जीवन दलित, वंचित और शोषित समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज में व्याप्त असमानताओं को समाप्त करने और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्ष किया।

प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने बाबा साहब को जीते जी सम्मान नहीं दिया,वे आज उनके नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व की सरकारों ने बाबा साहब के योगदान को नजरअंदाज किया और उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और सपा के लोग बाबा साहेब का नाम सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए लेते हैं। ना इन्होंने बाबा साहेब का सम्मान किया और ना ही संविधान का। सपा से पूछना चाहिए की जब अपनों को बांट रहे थे मलाई,तब दलित भाइयों की याद ना आई? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बाबा साहब के विचारों को सच्चे अर्थों में सम्मान दिया जा रहा है।

पंकज चौधरी ने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में समानता,भाईचारे और न्याय के मूल्यों को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति का विकास नहीं होगा,तब तक सच्चा विकास संभव नहीं है।

कार्यक्रम में उद्यान मंंत्री दिनेश प्रताप सिंह,भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा,विधायक अदिति सिंह,विधायक मनोज पाण्डेय समेत पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन