हरिजन आबादी की जमीन पर चला बुलडोजर, अवैध निर्माण ध्वस्त
हमीरपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा तहसील क्षेत्र के ग्राम उरदना में हरिजन आबादी की सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास को प्रशासन ने गुरुवार को विफल कर दिया। राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से निर्माणाधीन पक्के निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने गुरुवार को शाम बताया कि उरदना गांव निवासी चंद्रपाल कुशवाहा द्वारा सड़क किनारे हरिजन आबादी की भूमि पर पक्का निर्माण कराया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम सक्रिय हुई। नायब तहसीलदार रामलखन, लेखपाल आर्यन कटियार तथा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची टीम ने निर्माण हटवाते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान संबंधित व्यक्ति को सरकारी भूमि पर दोबारा अतिक्रमण या निर्माण न करने की चेतावनी भी दी गई। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी और हरिजन आबादी की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे अभियान के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

