सूबेदारगंज में पूर्व सैन्य कर्मियों के लिए प्वाइंट्समैन प्रशिक्षण प्रारंभ
प्रयागराज, 28 फरवरी (हि.स)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में मंडल की ओर से रेल संचालन की सुरक्षा एवं कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंडल बहुउद्देशीय प्रशिक्षण संस्थान, सूबेदारगंज में पूर्व सैनिक कर्मचारियों के लिए प्वाइंट्समैन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार को दी। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आर्म्ड फोर्सेज से सेवानिवृत्त 40 कर्मचारियों को प्वाइंट्समैन के दायित्वों एवं रेलवे परिचालन प्रणाली से सम्बंधित व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि 24 कार्य दिवस निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत इन कर्मचारियों की विभिन्न स्टेशनों पर नियुक्ति की जाएगी, जहां वे रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्वाइंट्समैन के रूप में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। अभी इनकी संख्या 40 है, धीरे धीरे इनकी संख्या बढ़ेगी। एमओयू में कुल 271 सैनिकों के लिए हस्ताक्षर हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई नई प्रशिक्षण पुस्तिका का भी अधिकारियों ने विमोचन किया। इस पुस्तिका में प्वाइंट्समैन के कर्तव्य, सिग्नलिंग व्यवस्था, सुरक्षित शंटिंग प्रक्रिया, स्टेशन संचालन प्रणाली, आपातकालीन परिस्थितियों में कार्यवाही तथा सुरक्षा मानकों से सम्बंधित महत्वपूर्ण विषयों का विस्तृत समावेश किया गया है।
अधिकारियों ने अपने सम्बोधन में कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता तथा कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता रेलवे संचालन की सुरक्षा के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन वरि. मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) अकांशु गोविल, वरि. मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता, वरि. मंडल परिचालन प्रबंधक मयंक राणा, मंडल परिचालन प्रबंधक तथा सहायक परिचालन प्रबंधक की उपस्थिति में किया गया। अधिकारियों द्वारा प्रतिभागी कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशसेवा के अनुभव को भारतीय रेल की कार्यप्रणाली में अत्यंत उपयोगी बताते हुए उन्हें सफल प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

