home page

सरकार दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील : सुरेंद्र मैथानी

 | 
सरकार दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील : सुरेंद्र मैथानी


कानपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सरकार दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील है और उन्हें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। समय-समय पर शिविर आयोजित कर दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यह बातें गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने शुक्रवार को नेहरू नगर स्थित अंध विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।

सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रमेश अवस्थी और विधायक सुरेंद्र मैथानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम में 50 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, पांच को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 49 को ब्रेल किट, 48 को स्मार्ट केन, 38 को कान की मशीन, 63 को एमआरओ किट और सात दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर दी गई। कुल 260 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।

इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान योजना और ओ लेवल योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी दिए गए। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विनय उत्तम ने विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, प्रधानाचार्य इंद्रजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप