संविधान की रक्षा से ही सुरक्षित रहेगा सामाजिक न्याय और आरक्षण : सर्वेश बाबू गौतम
औरैया, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) ने रविवार को जिला कार्यालय ककोर में 26 जुलाई को 'संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस' के रूप में मनाया। कार्यक्रम में संविधान की प्रति के समक्ष सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया। समारोह की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने की।
जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि 26 जुलाई सामाजिक न्याय के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों और संकल्प से प्रेरित होकर कोल्हापुर रियासत के शासक राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने इसी दिन आरक्षण व्यवस्था लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया था। आगे चलकर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान निर्माण के दौरान सामाजिक न्याय, समान अवसर और आरक्षण व्यवस्था को संवैधानिक आधार प्रदान किया, जिससे वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों को संरक्षण मिला।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता, बंधुत्व और न्याय का आधार है। संविधान सुरक्षित रहेगा तभी आरक्षण और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकार भी सुरक्षित रहेंगे। संविधान ही गैर-बराबरी को समाप्त कर समतामूलक समाज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त करता है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा मनाया जा रहा 'संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस' संविधान के प्रति आस्था, सामाजिक न्याय के संकल्प और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का प्रतीक है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समारोह में दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, राम बाबू यादव, राज नारायण बघेल, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, सुमन दिवाकर, रश्मि यादव, भगवती निषाद, श्याम बाबू यादव, रानू पालीवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय को सशक्त बनाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

