home page

संभल : प्रशासन ने 101 करोड़ रुपये की जमीन काे मुक्त कराकर ग्राम सभा काे किया सुपुर्द

 | 
संभल : प्रशासन ने 101 करोड़ रुपये की जमीन काे मुक्त कराकर ग्राम सभा काे किया सुपुर्द


संभल : प्रशासन ने 101 करोड़ रुपये की जमीन काे मुक्त कराकर ग्राम सभा काे किया सुपुर्द


संभल, 07 जुलाई (हि.स.)। जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र के तख्त गुसाई गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 101 करोड़ रुपये की सरकारी जमीन को अवैध कब्जा मुक्त कराया है साथ ही वहां पर अवैध तरीके से बने निर्माण सील किए गए। तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए जमीन का कब्जा ग्राम पंचायत को सौंप दिया।

इस विषय में जानकारी देते हुए तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार काे बताया कि तख्त गुसाई गांव की करीब 101 करोड़ रुपये मूल्य की ग्राम सभा की संपत्ति को पूर्व में कथित रूप से अवैध तरीके से निजी लोगों के नाम दर्ज करा लिया गया था। बाद में उप संचालक चकबंदी (डीडीसी) ने पूरे प्रकरण की सुनवाई के बाद अपने आदेश से उन प्रविष्टियों को निरस्त कर भूमि को पुनः ग्राम सभा के नाम दर्ज कर दिया।

इस आदेश के खिलाफ संबंधित पक्षों को उच्च न्यायालय से भी कोई राहत नहीं मिली। तहसीलदार ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम प्रधान ने शिकायत की थी कि आदेश के बावजूद भूमि पर अवैध कब्जा बना हुआ है। इसी शिकायत के आधार पर राजस्व और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जिन गाटों पर निर्माण किया गया था, उन्हें सील कर दिया गया, जबकि खाली पड़ी भूमि का कब्जा ग्राम प्रधान को दिलाकर ग्राम सभा के सुपुर्द कर दिया गया।

इस मामले में संभल नगर पालिका के पूर्व ईओ, डीडीसी चकबंदी, समेत 31 नामजद तथा एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था जिसमें से पुलिस ने नगर पालिका परिषद के पूर्व ईओ तथा वर्तमान में शाहजहांपुर नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त के पद पर तैनात राजकुमार गुप्ता को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।

प्रशासन का कहना है कि ग्राम समाज की संपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकारी भूमि को मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और इसे सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar